छूटी हुई ग्राम पंचायतों में चुने गए प्रधान, बीडीसी सदस्य
बस्ती। मंगलवार को ग्राम प्रधान के चार और बीडीसी सदस्यों की दो सीटों के नतीजे जारी कर दिए गए। यहां प्रत्याशी के निधन, मतपत्रों में गड़बड़ी और अन्य अनियमितता के चलते बीते रविवार को पुनर्मतदान हुआ था।
दुबौलिया प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक क्षेत्र के अशोकपुर के दो वार्डों में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की मतगणना संपन्न हुई। वार्ड संख्या 36 से 493 मत पाकर रूपम और वार्ड संख्या 37 से 700 मत पाकर विद्या देवी विजयी हुईं। आरओ संजय शर्मा ने दोनों को प्रमाण पत्र सौंपा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रभारी थानाध्यक्ष विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी मय टीम मौजूद रहे। सदर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलगड़ी से 548 मत पाकर संगीता ने प्रधान पद पर विजय हासिल की। सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार, सल्टौआ गोपालपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिपरा जप्ती से 603 वोट पाकर मंजू देवी ने प्रधान पद पर जीत दर्ज की। सांऊघाट प्रतिनिधि के अनुसार, ग्राम पंचायत पिपरा चंद्रपति से 368 मत पाकर कुसुम देवी प्रधान बनीं।
दुबौलिया ब्लॉक परिसर में मंगलवार को दो वार्डों के क्षेत्र पंचायत सदस्यों की किस्मत का फैसला होना था। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होनी थी, लेकिन बीडीओ और अन्य जिम्मेदारों की गैर मौजूदगी के कारण 10 बजे से शुरू हुई। आरओ ने उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी। उसके बाद प्रभारी एडीओ पंचायत पहुंचे और मतगणना शुरू हुई।
बहादुरपुर प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सेमरा चीगन के बूथ संख्या 133, 134 जिस पर पुनर्मतदान रविवार को हुआ था। मंगलवार हुए परिणाम घोषित किया गया। मतगणना में प्रधान पद पर शिवपूजन को विजयी घोषित किया गया। बीडीसी सदस्य के लिए रामतौल विजयी हुए। निर्वाचन अधिकारी बहादुरपुर ने बताया दो मई को मतगणना के समय मतपेटी में तीन बंडल मतपत्र बूथ संख्या 133 की मतपेटी में मिले थे, जिसके कारण गणना रोक दी गई थी।
जब उन मतपत्रों के बंडल को देखा गया तो प्रधान 76 मतपत्र अनाज ओसाता हुआ किसान वाले निशन पर मुहर लगा मिला था। दूसरे 97 बीडीसी सदस्य के अनार निशान पर, जबकि जिला पंचायत सदस्य के 22 मतपत्र थे, जिनमें से 17 आरी, चार उगता हुआ सूरज तथा एक टाईप राइटर के निशान पर लगा हुआ था। मतपत्रों के बंडल मिलने के कारण ही यहां का मतदान निरस्त कर रविवार को पुन: मतदान कराया गया था। यही नहीं, बूथ संख्या 133 पर तैनात पीठासीन और अन्य कर्मियों के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
बभनान प्रतिनिधि के अनुसार बाघाकाडर से अंजली और तेनुईचेत सिंह से विभावती देवी प्रधान निर्वाचित घोषित की गईं। गौर ब्लॉक की दो ग्राम पंचायतों के उपचुनाव की मतगणना मंगलवार को गौर ब्लॉक सभागार में हुई। मतगणना में बाघाकाडर ग्राम पंचायत की अंजलि यादव 78 मतों से निकटतम प्रतिद्वंद्वी बलराम यादव से विजयी हुईं। वहीं, तेनुईचेत सिंह ग्राम पंचायत की विभावती देवी 21 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनोरमा देवी को शिकस्त दीं। चुनाव अधिकारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि बाघा काडर ग्राम पंचायत की अंजली यादव को 298 मत मिले। बलराम यादव को 220 मत प्राप्त हुए। तेनुईचेत सिंह ग्राम पंचायत में विभावती देवी को 397 मत मिले। मनोरमा देवी को 376 मत प्राप्त हुए।