प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, पिटाई
कप्तानगंज (बस्ती)। थानाक्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया और उसे थाने ले आई।
प्रभारी निरीक्षक सौदागर राय ने बताया कि मामले में जांच-पड़ताल की जा रही है। बताया जा रहा है कि कप्तानगंज क्षेत्र की रहने वाली युवती से इसी थानाक्षेत्र के युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। कुछ दिन पूर्व युवती के परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो मामला थाने पहुंचा था, लेकिन दोनों पक्षों ने आपसी बातचीत के आधार पर सुलह-समझौता कर लिया था। शुक्रवार की देर रात कस्बे में युवती के घर के ईद-गिर्द मंडरा रहे युवक की जानकारी घरवालों को मिल गई। कुछ लोग पहुंचे और युवक को पकड़कर पिटाई शुरू कर दी। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने चली आई। शनिवार की सुबह युवती के परिजन थाने पहुंचे और युवक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।