नाचते गाते पहुंचे कांवड़िए, डीएम ने की पुष्प वर्षा
नगरपालिका ने केडीसी में बने विश्रामस्थल की संभाली व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। सावन की त्रयोदशी पर भगवान शिव को जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों का जत्था शहर में पहुंचने लगा है। जबकि, आसपास के कांवड़ यात्री अभी अयोध्या से सरयू का पवित्र जल लाने जा रहे हैं। रविवार को शहर का नजारा हाईवे की तरह केसरियामय रहा। हर गली और हर सड़क पर कांवड़ यात्री विश्राम करते रहे। जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने कांवड़ यात्रियों पर जहां पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया वहीं एसपी पंकज कुमार ने बड़ेवन फ्लाईओवर के नीचे शिवभक्तों के लिए भंडारे का आयोजन कर प्रसाद बांटा।
डीएम ने कहा कि सावन भगवान शिव का प्रिय महीना है। इस माह में भक्त सच्चे मनोयोग से अयोध्या जाकर सरयू का जल लेकर आते हैं और भगवान शिव को अर्पित करते हैं। इससे माहौल पूरा भक्तिमय हो गया है। इस दौरान सीडीओ अरविंद पांडेय, एडीएम रमेशचंद, एएसपी पंकज, एसडीएम सदर एसपी शुक्ल, सीओ सिटी आलोक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, नगर पालिका परिषद की ओर से किसान डिग्री कॉलेज (केडीसी) में कांवड़ यात्रियों के विश्राम, भोजन और दवा आदि की व्यवस्था की गई है। पालिका अध्यक्ष के पति व प्रतिनिधि ने बताया कि शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
हर हर महादेव के जयकारे से शिवमय हुआ माहौल
शिवभक्तों के बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारे से पूरा माहौल शिवमय हो गया है। केसरिया वस्त्रधारण किए कांवड़ियों की टोली ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप, टैंपो, डीसीएम पर भगवान शिव की झांकी सजाकर नाचते-गाते जल भरने के लिए अयोध्या जाते रहे। डीजे की धुन पर थिरकते कांवड़ियों की सेवा में भी लोग जुटे रहे। टोली में जाते शिवभक्त यात्रा पूरी करने के लिए कांवड़िया बोल बम तो कोई बाबा नगरिया दूर है जाना हमें जरूर है एक साथ कहते चल रहे थे। तेरस को बाबा भद्रेश्वरनाथ, तिलकपुर, देवरिया माफी समेत क्षेत्र के शिवमंदिरों बेहिलनाथ, थालेस्वर नाथ, कोरऊ, पिंड़ियां, बानपुर आदि में जलाभिषेक करेंगे।