बस्ती। जिले में शनिवार रात में आई तेज आंधी और हल्की बारिश ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था बिगाड़ दी है। तीन दिन बाद भी शहर समेत ग्रामीण के अधिकांश इलाकों की आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर ढंग से नहीं लौटी है। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बता दें कि आंधी के चलते जगह-जगह बिजली के खंभे और तार टूट गए थे, जिससे आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई थी। सैकड़ों गांवों के लाखों उपभोक्ताओं को घंटों बिजली संकट झेलना पड़ा। कहीं-कहीं आपूर्ति व्यवस्था सुधारने में 10 से 12 घंटे लग गए थे। मगर, नगर बाजार, गनेशपुर, आवास विकास, फौव्वारा तिराहे पर आपूर्ति व्यवस्था अब तक नहीं सुधर सकी है।
तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली लाइनों और खंभों को भारी नुकसान पहुंचा था। कई जगह तार आपस में टकराने से फॉल्ट हो गया, जिससे रातभर अधिकांश इलाकों में अंधेरा छाया रहा। रविवार को दिनभर चले मरम्मत कार्य के बाद देर शाम तक कई क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल की गई, मगर सोमवार को भी नगर पंचायत नगर बाजार में कई मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई थी।
एसई बस्ती खालिद अहमद के अनुसार, जहां पोल व तार टूट गए थे, वहां मरम्मत कार्य करवाकर आपूर्ति बहाल करवा दी गई है। जहां नहीं हुई है, वहां जल्द ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी।