नगर बाजार। क्षेत्र के अठदमा गांव में पिछले 10 दिनों से बिजली गुल है। गांव का ट्रांसफार्मर जलने के बाद से पूरे गांव में अंधेरा पसरा हुआ है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों के मुताबिक करीब 10 दिन पहले गांव में लगा ट्रांसफार्मर जल गया था। इसकी सूचना बिजली विभाग को दी गई, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया। ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने के कारण आए दिन यह जल जाता है। करीब एक साल से क्षमता बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने दो दिन में ट्रांसफार्मर न बदलने पर बिजली उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है। अवर अभियंता मनोज कुमार सरोज ने बताया कि जल्द ही ट्रांसफॉर्मर बदलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संवाद