शाहपुर। डुमरियागंज से इटवा मार्ग पर शाहपुर में एक सप्ताह पूर्व धंसे फुटपाथ का गड्ढा अब और खतरनाक हो गया है। बृहस्पतिवार रात हुई तेज बारिश के बाद गड्ढे का दायरा बढ़ गया, जिससे राहगीरों में हादसे का डर बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, फुटपाथ अचानक धंसने से बड़ा गड्ढा बन गया था। उस समय ही लोगों ने जिम्मेदार विभाग से गड्ढे में मिट्टी भरवाने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है।
राहगीरों ने बताया कि दिन में तो किसी तरह लोग बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने अपनी ओर से गड्ढे के पास लाल झंडी लगाकर आगाह करने का प्रयास किया है, फिर भी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासी सुदामा प्रसाद यादव, जाकिर हुसैन, धर्मराज, विजय कुमार और राहुल ने बताया कि इन दिनों शादी-विवाह का सीजन चल रहा है, जिससे इस मार्ग पर देर रात तक आवागमन बना रहता है।
ऐसे में समय रहते गड्ढा नहीं भरा गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने डुमरियागंज नगर प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से जल्द गड्ढा भरवाकर समस्या का समाधान करने की मांग की है।े