सल्टौआ ब्लॉक स्थित बारह क्षेत्र धाम में बने पुल के एप्रोच मार्ग पर हुआ रेनकट-संवाद
टिनिच। बीते दिनों हुई बारिश के चलते सल्टौआ ब्लॉक स्थित बारह क्षेत्र धाम में बने पुल के एप्रोच मार्ग पर रेनकट होने से कई बड़े गड्ढे बन गए हैं। गड्ढे मोड़ के पास होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले इस मार्ग से चौरा, बोधपुर, सुकरौली, शीतलनगर, झग्गापुर, तिनहरी, बनतरवा, नोनहा, पचलौरिया और बदलूपुर समेत दर्जनों गांवों के लोगों का प्रतिदिन आना-जाना रहता है। बारिश के बाद पुल के एप्रोच पर दो-तीन स्थानों पर बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव निवासी संजय ने बताया कि गड्ढे मोड़ के पास होने के कारण दूर से दिखाई नहीं देते। अजगैवा जंगल के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चन्द्रशेखर चौधरी ने बताया कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग को सूचना दे दी गई है।
लोक निर्माण विभाग के जेई सुनील दत्त ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जल्द ही रेनकट से बने गड्ढों को भरवाने का कार्य कराया जाएगा।