973 ने किया मतदान, बॉक्स से निकला 990 मतपत्र
जामडीह शुक्ल ग्राम पंचायत का मामला
प्रधान प्रत्याशी ने मतदान में लगाया गड़बड़ी का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सदर ब्लॉक के जामडीह शुक्ल से प्रधान पद की प्रत्याशी जगदंबा पत्नी शेषनारायण ने जिला निर्वाचन अधिकारी/ डीएम को पत्र देकर गड़बड़ी की शिकायत की है। कहा है कि मतदान के दिन बूथ संख्या बूथ संख्या 248 पर 484 व 249 पर 489 मत पड़े। कुल मिलाकर 973 लोगों ने मतदान किया था। इसकी घोषणा भी मतदान के बाद मौके पर अधिकारियों ने की थी, मगर मतगणना में सभी वैध व अवैध मतों की गिनती 990 हो गई। यानी 17 मत अधिक हो गए।
ये मत कहां से आए, इसे लेकर सवाल उठाते हुए जगदंबा ने चुनाव निरस्त कर फिर से कराने की मांग की है। कहा है कि इस पूरे प्रकरण की यदि जांच की जाए तो मतदान में कई जिम्मेदारों की मिलीभगत का भी पर्दाफाश होगा। कहा कि इसकी तत्काल शिकायत आरओ से भी की गई थी, मगर किसी ने उनकी एक न सुनी और बिना उनकी शिकायत का निस्तारण कराए परिणाम घोषित कर दिया गया। जगदंबा ने चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कर्मियों व अधिकारियों के जांच की भी मांग उठाई है।