कांवड़ यात्रा : आठ क्यूआरटी दस्ते तय दूरी पर रहेंगे मुस्तैद, 10 जोन और 19 सेक्टर बनाए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। 29 जुलाई से तीन अगस्त के बीच चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया गया है। थानों की फोर्स के अलावा जिले के बाहर से एक एएसपी व आठ सीओ बुलाए गए हैं। इसके अलावा डेढ़ हजार सिपाही, एक हजार हेड कांस्टेबल, 500 महिला सिपाही, 535 दरोगा व 70 इंस्पेक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आठ क्यूआरटी दस्ते बनाए गए हैं। जो विभिन्न प्वाइंट पर मुस्तैद रहकर किसी भी आपात स्थिति में मौके पर पहुंचेंगे।
एसपी गोपालकृष्ण चौधरी ने कहा कि 10 जोन और 19 सेक्टर में बांटकर कांवड़ यात्रा की निगरानी की जाएगी। सभी जोन व सेक्टर में मजिस्ट्रेट व पुलिस राजपत्रित अधिकारी लगाए जाएंगे। इसके अलावा सुरक्षा के लिए 3,500 पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाई जा रही है। साथ ही पीएसी की एक कंपनी अलग से लगाई गई है।
एसपी ने बताया कि सभी मातहत पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कांवड़ियों के रूट को पहले से देख लें। वहां सड़क किनारे होटल, ढाबे, ठेले व चाय-पानी के दुकानों पर हर हाल में रेट लिस्ट लगा होना चाहिए।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर प्रशासन की ओर से निर्देशित किया कि कांवड़ रूट के सभी ढाबे, पेट्रोल पंपों पर पानी, शौचालय व अन्य जरूरी सुविधाएं होनी चाहिए। इनके सूचक बोर्ड लगाए जाएं। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इसमें किसी स्तर पर अनदेखी मिली तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।
...
सभी दुकानदारों को लगाना होगा सामान की रेट लिस्ट
बस्ती। अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल चौहान की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में कांवड़ की तैयारियों के संबंध में पेट्रोल पंप, होटल, ढाबा, शिविर-लंगर संचालकों के साथ बैठक हुई। उन्हें निर्देश दिए गए कि ढाबों पर सामग्री का रेटलिस्ट लिखकर मेन दीवार पर चस्पा कर दिया जाय। शिविर के संचालकों से अपील की कि रोड को छोड़कर स्टाल लगाएं तथा सुरक्षा का ध्यान दिया जाय। खाने-पीने की शुद्ध व्यवस्था हो तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाय।
थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि मुख्य स्टालों का चिह्नांकन करते हुए सभी आवश्यक व मानक का निरीक्षण कर लें। आवश्यकतानुसार पुलिस कर्मियों की तैनाती जगह-जगह पर कर दी जाय। अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि डीजे संचालक शासन के निर्देशों के अनुसार मानक का विशेष ध्यान रखें। श्रद्धालुओं से अपेक्षा है कि निर्धारित रास्तों तथा दिए गए निर्देशों का पालन करें। सभी सीसी टीबी कैमरों को क्रियाशील कर लिया जाय। बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शाहिद अहमद, उप जिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, पेट्रोल पम्प, होटल, ढाबा, शिविर-लंगर के संचालकगण उपस्थित रहे। संवाद