बस्ती। कांवड़ यात्रा के कारण फोरलेन 29 जुलाई से डायवर्ट रहेगा। वैकल्पिक मार्ग से वाहनों को भेजा जाएगा। रोडवेज बसों का भी रूट बदल गया है। इसके चलते 15 हजार लोगों की यात्रा प्रभावित होगी। लखनऊ तक की पांच घंटे की यात्रा आठ से दस घंटे में पूरी होगी।
यात्रियों को भी अधिक भाड़े का भुगतान करना पड़ेगा। परिवहन निगम की बसों को डुमरियागंज के रास्ते भेजा जाएगा। जिले से जहां लखनऊ, कानपुर व दिल्ली के लिए रोजाना 20 बसें रवाना होती हैं। रूट डायवर्जन के कारण डिपो से लखनऊ जाने के लिए बसें डुमरियागंज, उतरौला, जरवल रोड व बाराबंकी होकर निकलेंगी। आम दिनों में बसें महज 236 किमी दूरी तय कर लखनऊ पहुंच जाती थीं।
इन दिनों इन बसों को जरवल रोड होकर जाने में 311 किमी दूरी तय करनी पड़ेगी। एआरएम आयुष भटनागर ने बताया कि बसों की दूरी बढ़ने से यात्रियों को कुछ असुविधा जरूर होगी, लेकिन प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा सुविधा दी जाए। संवाद