बस्ती। नामी कंपनियों के नाम से नकली मोबिल बनाने की फैक्ट्री का पुलिस ने
भंडाफोड़ किया है। पुलिस को बड़ी संख्या में कंपनियों के स्टीकर, मोबिल ऑयल
के डिब्बे और ड्रमों में भरे करीब दस हजार लीटर मोबिल ऑयल मिला है।
इसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
पठान टोला मोहल्ले में पिछले कई वर्षों से नकली मोबिल बनाए जाने का काम चल रहा था।
आरोप
है कि कचरायुक्त खराब मोबिल से नामी कंपनियों के नाम से मोबिल ऑयल बनाया
जाता था। उसे नए डिब्बों में पैकिंग कर और उस पर कंपनियों के स्टीकर लगा
करके बाजार में बेचा जाता था।
मुखबिर से इस तरह की सूचना मिलने पर
बृहस्पतिवार की देर शाम पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मोहल्ले के एक घर में
छापा मारा है। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। मोबिल बनाने के आरोपी इधर-उधर
भागने लगे।
जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। एसओ केडी सिंह ने बताया कि
दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है। उनसे पूछताछ चल रही है। बताया कि भारी
मात्रा में नकली पैकिंगयुक्त मोबिल बरामद किया गया है।
एसओ केडी
सिंह ने बताया कि पैकिंगयुक्त नकली मोबिल ऑयल आपूर्ति किन-किन कस्बों और
वहां के दुकानदारों के यहां की जाती थी। इसका भी पता लगाया जा रहा है।
बताया कि दुुकानों पर छापेमारी के बाद अभी और पैकिंगयुक्त मोबिल ऑयल मिल
सकता है।