बस्ती। बस्ती चीनी मिल चलवाने के लिए मिल गेट पर चल रहे आमरण अनशन के तीसरे
दिन बुधवार को डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल श्रमिकों व किसानों के बीच
पहुंचे।
अनशन को समर्थन देते हुए कहा कि बस्ती चीनी मिल चलवाने के
लिए वे सड़क से सदन तक हर संभव सहयोग को तैयार हैं। मिलों के चलने से जिले
के लोगों को रोजगार मिलता है। इसके लिए आंदोलन को मजबूत करना होगा।
पूर्व
सांसद अष्टभुजा शुक्ल सहित किसान नेताआें व छात्रसंघ पदाधिकारियों ने भी
आमरण अनशन पर बैठे श्रमिक व किसान नेता से कहा कि वे उनकी लड़ाई में हरकदम
पर साथ हैं।
मिल चलने तक आंदोलन को पूरा सहयोग व समर्थन जारी
रहेगा। प्रशासन की ओर से एसडीएम सदर रामप्रसाद ने जाकर आमरण कर रहे लोगों
से मुलाकात की।
उनको भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनके साथ पूरी तरह
संवेदनशील बनकर खड़ा है। मिल प्रबंधन से मिल चलवाने को लेकर बातचीत की जा
रही है। दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ डॉ सीएल कन्नौजिया अपनी
टीम के साथ पहुंचे। आमरण अनशन कर रहे लोगों के हालत की जांच की।