महादेवा। लालगंज थाना क्षेत्र के थरौली गांव की 65 वर्षीय महिला को चोरी के शक में पूछताछ के लिए ले जाने पर ग्रामीणों ने पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
विज्ञापन
बिंद्रावती देवी पत्नी भूमिनाथ यादव अपने 18 वर्षीय बेटे अमन के साथ बस्ती से बाइक खरीदकर लौट रही थीं। आरोप है कि हलुआपार के पास महिला पुलिस और सर्विलांस टीम ने उन्हें रोक लिया और पूछताछ के लिए बस्ती ले गई। महिला की पिटाई की सूचना पर गांव में आक्रोश फैल गया। अभय देव शुक्ल ने पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, लालगंज थाना प्रभारी दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया कि मोबाइल और बैग चोरी की सूचना पर सर्विलांस व कोतवाली पुलिस टीम महिला और उसके बेटे को पूछताछ के लिए ले गई थी। मारपीट का आरोप निराधार है।