पुलिस ने बभनान से दो संदिग्धों को उठाया
बभनान (बस्ती)। पूर्व में हुई लूट के आरोपितों की तलाश में थानाध्यक्ष गौर शमशेर बहादुर सिंह ने हमराहियों के साथ सोमवार को रात भर कई जगह दबिश दी। इस दौरान नगर पंचायत बभनान के दो युवकों को उठाया भी है।
मंगलवार देर रात बभनान कस्बे में भारी संख्या में पुलिस बल देख लोग सकते में आ गए। थोड़ी देर बाद पुलिस ने दबिश देकर कस्बे के ही दो युवकों को अपने साथ ले गई। सुबह पूरे कस्बे में इस बात की चर्चा तेज हो गई कि ऐसा लगता है कि दोनों युवकों ने कहीं किसी घटना को अंजाम दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभियान चलाया गया है कि पूर्व में हुई लूट में शामिल आरोपितों पर नजर रखते हुए उनकी गतिविधियों की जानकारी ली जाए।
इसी अभियान के तहत थाना क्षेत्र के कई जगहों पर दबिश दी गई। बभनान कस्बे में पूर्व में हुई लूट में शामिल दो युवकों को बभनान से हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। गतिविधियों की जांच भी की जा रही है। यदि जांच में इनकी गतिविधियां सामान्य पाई गईं तो इन्हें छोड़ दिया जाएगा और यदि इनकी किसी भी आपराधिक मामले में संलिप्तता मिली तो इनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।