घूस मांगने के आरोप में चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर
बभनान (बस्ती)। दो भाइयों के विवाद को सुलझाने के लिए 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग करना चौकी इंचार्ज को भारी पड़ा। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी हेमराज मीणा ने चौकी इंचार्ज बभनान को लाइन हाजिर कर दिया।
गौर थानाक्षेत्र के नगर पंचायत बभनान पटेलनगर निवासी रामरतन वर्मा ने 21 अक्तूबर को एसपी व आईजी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि चौकी प्रभारी बभनान अरविंद यादव ने दो भाइयों के विवाद को सुलझाने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की है। रुपये न देने पर चौकी इंचार्ज ने लाठियों से पीटा है। मामला सोशल मीडिया सहित अखबारों में प्रमुखता से प्रकाशित हुआ। जिसको गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल प्रभाव से चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। वहीं चौकी प्रभारी बभनान अरविंद यादव का कहना है कि दो भाइयों के बीच जमीन का विवाद था। जिसमें 151 की कार्रवाई की गई थी। घूस मांगने का आरोप निराधार है।