दुबौलिया। थाना क्षेत्र के पेठिया लश्करी गांव में तीन मई को जमीन पर कब्जा करने व मारपीट के मामले में दुबौलिया पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। इसमें एक मृतक को भी आरोपी बना दिया गया। बताया जा रहा है 40 वर्ष पहले मर चुके एक व्यक्ति को पुलिस ने नामजद आरोपी बना दिया। पेठिया लश्करी गांव निवासी राकेश प्रताप सिंह का गांव के ही राम हियारे से जमीन कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। जिसमें राकेश प्रताप सिंह की तहरीर पर एक ही परिवार के आठ लोगों पर पुलिस ने जान से मारने की धमकी सहित बीएनएस की अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
इस मामले में 40 वर्ष पूर्व मर चुके स्व. राम दुलारे को भी आरोपी बना दिया गया। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। इसके बाद दुबौलिया पुलिस हरकत में आई। थानाध्यक्ष दुबौलिया जीवन त्रिपाठी ने बताया की मृतक का नाम गलती से मुकदमे में दर्ज हो गया था। विवेचना में नाम निकाला जा चुका है, अभी चार्जशीट न्यायालय में नहीं भेजी गई है।
बता दें इसी तरह का एक मामला पिछले महीने भी चर्चा में आया था। मुंडेरवा थाने में तैनात एक उप निरीक्षक ने दौरान विवेचना एक मुकदमे में मृतक महिला का बयान दर्ज करके न्यायालय में प्रेषित कर दिया था। न्यायालय में मामला पकड़ में आया तो उपनिरीक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हुई। इस मामले में भी पुलिस की खूब किरकिरी हुई थी।