अखंड अपहरण कांड : पुलिस की सारी थ्योरी फेल, तीसरे दिन भी हाथ खाली
बस्ती। शनिवार को अपहृत रुधौली कस्बे के कपड़ा व्यवसाई के पुत्र अखंड कसौधन का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा। इस मामले में पुलिस की अब तक की सारी थ्योरी फेल हो चुकी है। पुलिस के हाथ अब तक खाली होने की वजह से परिवार वालों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। परिवार वालों का कहना है कि पुलिस को न बताते तो ही अच्छा होता।
वहीं, एसपी आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिस अपने स्तर से हर संभव कोशिश कर रही है ताकि बालक को सकुशल बरामद कर लिया जाए। गौरतलब है कि रुधौली कस्बे के वस्त्र कारोबारी अशोक कुमार कसौधन का बेटा अखंड कसौधन उर्फ अंकित (12) सेंट जेवियर स्कूल का छात्र है। शनिवार शाम कस्बे में सब्जी लेने गए अखंड को एक बाइक सवार ने बुलाकर अपने साथ लेकर चला गया। कुछ देर बाद उसके पिता की मोबाइल फोन आया कि उनके बेटे का अपहरण कर लिया गया है। इसे छोड़ने के एवज में अपहरणकर्ता ने 50 लाख रुपये फिरौती मांगी। फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी गई। आनन-फानन में पुलिस ने फोन करने वाले नंबर की छानबीन की तो पता चला कि वह नंबर एक चाय की दुकान चलाने वाले का है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी दुकान में पर नमकीन का पैकेट खरीदने एक व्यक्ति आया था। उसने एक जरूरी फोन करने के लिए उसका मोबाइल फोन मांग लिया था। इसके बाद से पुलिस के पास कोई दूसरा सूत्र अब तक हाथ नहीं लगा है, जिसके सहारे वह अपहरण करने वाले तक पहुंच पाती।