कप्तानगंज (बस्ती)। थाना क्षेत्र में प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंटों द्वारा व्यापारी की पिटाई और लूट के मामले में पुलिस लगातार छापे मार रही है, लेकिन घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मामला गौर थाना क्षेत्र के टिनिच सांडी कल्प बाजार निवासी बजरंगी गुप्ता से जुड़ा है, जो बाजार में कपड़े की दुकान चलाते हैं। उन्होंने एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी से अपनी बोलेरो गाड़ी फाइनेंस करवाई थी। किश्त को लेकर कंपनी के रिकवरी एजेंटों से उनका विवाद चल रहा था। आरोप है कि बीते रविवार को सुबह लगभग 11:15 बजे बजरंगी गुप्ता बोलेरो से बस्ती जा रहे थे। जैसे ही वे कटरा बुजुर्ग गांव के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार रिकवरी एजेंटों ने उनकी गाड़ी रुकवाकर चाबी निकाल ली।
बजरंगी के अनुसार, एजेंटों ने उन्हें लात-घूंसों और डंडे से बुरी तरह पीटा और उनकी जेब में रखे पचास हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बजरंगी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रजत सिंह निवासी अभयपुरा, थाना कप्तानगंज तथा सर्वेश पांडेय निवासी बैदोलिया, थाना कप्तानगंज के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
थाना प्रभारी कप्तानगंज आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद