बस्ती। छावनी पुलिस ने पीछा करके गोवंशीय पशुओं से भरा डीसीएम पकड़ा। उसमें कुल 14 पशु लादे गए थे। क्रूरता पूर्वक लादने की वजह से उनमें दो पशुओं की मौत हो चुकी थी। ट्रक का चालक मौका पाकर फरार हो गया।
थानाध्यक्ष छावनी दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर खास से सूचना मिली कि अयोध्या की तरफ से एक संदिग्ध डीसीएम बहुत तेजी से बस्ती की तरफ जा रहा है। टीम के साथ इंतजार करने पर डीसीएम पहुंचा मगर रुकने का इशारा करने पर रुकने के बजाए चालक राम जानकी मार्ग की तरफ वाहन मोड़ दिया। पुलिस टीम ने थाने के वाहन और निजी मोटरसाइकिल से उक्त वाहन का पीछा किया। अमोढ़ा कस्बे के बीएनबी शाखा से लगभग दो सौ मीटर आगे चालक वाहन खड़ा करके भाग निकला। पीछे पहुंची पुलिस ने डीसीएम के ऊपर लगी काली पॉलिथीन हटाई तो रस्सियों से बंधे पशु मिले। एसओ ने बताया कि 12 जीवित पशुओं को गौशाला के सुपुर्द कर दिया गया। जबकि मृत दो पशुओं की नियमानुसार अंत्येष्टि की गई। टीम में एसओ के अलावा एसआई रामफल चौरसिया, वीरेंद्र यादव, राजनाथ प्रसाद, कांस्टेबल शिवम सिंह, अखिलेश सिंह, अवधेश व अरूण यादव शामिल रहे।
-