महराजगंज (बस्ती)। कप्तानगंज कस्बे में शुक्रवार को सुबह साढ़े सात बजे बाइक सवार बदमाशों ने घर के बरामदे में चावल बीन रही महिला को थप्पड़ मारकर गले से सोने का चेन छीनकर भाग निकले। इस दुस्साहसिक घटना के बाद कस्बे में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक बदमाश मैरून रंग और दूसरा काले रंग की टीशर्ट पहने हुए था। दोनों हेलमेट लगा कर चेहरा छिपाए थे।
कस्बे के फ्लाईओवर के निकट निवासी दुर्गा प्रसाद के मुताबिक शुक्रवार सुबह उनकी 62 वर्षीय माता चंद्रभावती देवी चावल साफ कर रही थीं। पास में वह भी बैठे थे। कुछ देर बाद जैसे ही वह घर के अंदर गए, बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर दो बदमाश चौराहे की तरफ से आए। उनमें से एक बदमाश उतरकर चंद्रभावती देवी के निकट पहुंचा और थप्पड़ मार दिया। जब तक वह कुछ समझ पातीं, उनके गले से सोने की चेन छीनकर फिर बदमाश चौराहे की तरफ भाग निकले। चंद्रभावती देवी ने शोर मचाया तो घर और आसपास के लोग दौड़े। तब तक बदमाश बाइक से भाग निकले। दुर्गा प्रसाद की सूचना पर प्रभारी एसओ सुरेंद्र कुमार और सीओ कलवारी विनय कुमार चौहान पहुंचे। घटनास्थल से लेकर चौराहे तक पुलिस दिन भर कस्बे के दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही। प्रभारी एसओ ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।
-
इन घटनाओं का नहीं हो सका खुलासा
- दो मई की रात 9:30 बजे कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लहिलवारा कांटा के निकट बाइक सवार बदमाशों ने रैजल गांव के सचिन शर्मा को रोककर बाइक सवार बदमाशों ने पांच हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया था। 29 मई को क्षेत्र के कटइया गांव के रहने वाले ठेकेदार रोहित तिवारी के घर से बाइक सवार टप्पेबाज साफ करने के बहाने लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए थे। 12 जून को कप्तानगंज पुलिस बूथ के निकट जालसाजों ने एटीएम बदलकर 20 हजार निकाल लिया था। दुबौलिया थाना क्षेत्र के सेमरा गांव के रहने वाले हरिओम यादव के साथ हुई घटना में महराजगंज कस्बे में जाकर दो बार में 10-10 हजार दो बार निकाले गए थे।