संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के बारीजोत गांव के पास सिगरेट पिलाने की बात पर हुए विवाद के बीच युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में नए तथ्य सामने आए हैं।
निर्मम तरीके से अंजाम दिए गए इस हत्याकांड के आरोपी सचिन की तमंचा लहराते फोटो वायरल हो रही है। अलग-अलग कई फोटो में वह पिस्टल, रायफल व एयरगन लेकर रौब गांठते देखा जा रहा है। इस फोटो के वायरल होने के बाद लोगों में चर्चा की जा रही है कि वह आपराधिक प्रवृत्ति का पहले से था।
उधर, पुलिस भी उस फोटो के बारे में छानबीन में जुटी हुई है। केस की तफ्तीश कर रहे एसओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि फोटो में दिख रहे असलहे के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है कि वे नकली हैं या असली। यदि असली पाए गए तो उसके खिलाफ अलग से केस दर्ज किया जाएगा।
बता दें कि शुक्रवार को नगर थाना क्षेत्र के बकैनिया द्वीप निवासी सचिन कुमार ने नगर थाना क्षेत्र के बारीजोत निवासी रवि कुमार रावत की चाकू व पंच से वार कर हत्या कर दी थी। मौके से ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे प्राथमिक विद्यालय के पास राकेश की गुमटी पर सामान लेने की बात को लेकर गांव के ही धर्मेंद्र रावत उर्फ पिल्लू व विनीत रावत से सचिन की कहासुनी हो रही थी।
इसी बीच रवि प्रकाश पुत्र यमुना प्रसाद निवासी बारीजोत अपने खेत से घर की तरफ आ रहा था। बारीजोत प्राथमिक विद्यालय के पीछे रास्ते पर हो रहा झगड़ा छुड़ानेे के लिए पहुंचा तो सचिन रवि प्रकाश से ही उलझ गया।
धीरे-धीरे बात बढ़ गई और देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, तभी तैश में आकर सचिन ने पंच से रवि के आंखों व शरीर के अन्य अंगों पर वार कर दिए। इससे उनकी आंखों में गंभीर चोटें आईं।
क्षेत्र भ्रमण पर निकले नगर थाने में तैनात सिपाही अमित कुमार ने घायल के परिजनों को सूचना देकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर थाना पर ले आई। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से एक चाकू व एक पंच बरामद कर लिया गया।