कलवारी चौराहे पर पिकअप और स्कॉर्पियो की टक्कर में पलटी स्कार्पियो-संवाद
कलवारी। रामजानकी मार्ग और लुंबिनी-दुद्धी मार्ग को जोड़ने वाले कलवारी चौराहे पर शनिवार तड़के पिकअप और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार सात लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब चार बजे बस्ती की ओर से टांडा जा रही पिकअप और गायघाट की ओर से दुबौलिया जा रही स्कॉर्पियो की कलवारी चौराहे पर टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पलट गई और उसके चारों पहिए ऊपर हो गए। वाहन में फंसे लोगों को आसपास के लोगों ने शीशा तोड़कर बाहर निकाला।
हादसे में पिकअप सवार रुधौली थाना क्षेत्र के मझौवा कला निवासी रविशंकर (38), कथर पुरवा निवासी बाकर हुसैन (55), मोहम्मद फैजान (18), संतकबीरनगर जिले के सेमरियावां निवासी अब्दुल सत्तार (45), गंगौली निवासी शमसुद ज्वाहर (40), उस्मान (25) तथा स्कॉर्पियो सवार बिहार के सिवान निवासी बीरबल महतो (40) घायल हो गए।
टहलने निकले डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस बुलवाई और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर पहुंचाने में सहयोग किया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बीरबल महतो, रविशंकर, बाकर हुसैन और उस्मान की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को सीएचसी भिजवाया गया और दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।