पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, एक व्यक्ति घायल
- फोटो : अमर उजाला
परशुरामपुर (बस्ती)। थाना क्षेत्र के पटखापुर-परशुरामपुर मार्ग पर रविवार को दिन में करीब 10 बजे पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परशुरामपुर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होते देख घायल को जिला चिकित्सालय अयोध्या रेफर कर दिया।
हादसा रविवार को सुबह करीब 10 बजे हुआ। परशुरामपुर मार्ग स्थित कोहराए बाजार पहुंचते ही परशुरामपुर की तरफ से आ रही पिकअप विश्वकर्मा मंदिर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप की चपेट में आने से कोहराए बाजार निवासी ओम प्रकाश सिंह (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ने पिकअप के साथ भागने की कोशिश की तो लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद लोगों ने चालक को मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पिकअप कब्जे में लेकर चालक रंजीत निवासी पूरे पांडेय मनकापुर थाना छपिया जिला गोंडा को थाने ले आई। देर शाम तक इस मामले में तहरीर नहीं दी गई थी।