नगर बाजार। कोतवाली क्षेत्र के कोपिया गांव निवासी जीत नारायण सिंह (42) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप बेरहमी से पिटाई कर जीत नारायण सिंह की हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक की पत्नी ज्योति सिंह के अनुसार उनके पति जीत नारायण सिंह पिछले करीब 10 वर्षों से नगर थाना क्षेत्र के रिठिया स्थित पेट्रोल पंप पर कार्यरत थे। वह मंगलवार को भी काम पर गए थे। देर रात करीब 10 से 11 बजे के बीच पेट्रोल पंप मालिक ने फोन कर परिवार को घटना की सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो जीत नारायण घायलावस्था में मिले। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि जीत नारायण सिंह के साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी मौत हुई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ भानु प्रताप सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।