महादेवा (बस्ती)। महादेवा–मुंडेरवा मार्ग से होते हुए बेहिल समय माता स्थान तक जाने वाले रास्ते और इसी मुख्य मार्ग से कटकर लाला के बाग तक जाने वाले चकमार्ग पर शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने से लोगाें में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की है।
यह दोनों मार्ग शिव मंदिर बेहिल नाथ से होकर सिंदुरिया, ककरौली अमरडोभा आदि गांवों को जोड़ता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नशे में धुत लोगों की हरकतों की वजह से राहगीर, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग उधर से जाने में गुरेज करते हैं। इसके पहले कई छोटी-मोटी घटनाएं भी इस मार्ग पर हो चुकी हैं, मगर यह मार्ग शराब पीकर जुआ खेलने वालों का अड्डा हो चुका है। ग्राम बेहिल निवासी गंगाराम ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में मांग की गई है कि संबंधित मार्गों पर नियमित पुलिस गश्त कराई जाए।