बस्ती। सदर ब्लॉक के गनेशपुर की महिलाओं और पुरुषों ने शुक्रवार को विकास भवन पहुंचकर सीडीओ और पीडी का घेराव किया। लोगों का कहना था कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कागज पर लाभ तो दे दिया गया लेकिन धनराशि अब तक जारी नहीं की गई। लोगों का यह कहना था कि आवास की व्यवस्था न होने से लोगों को इस ठंड में प्लास्टिक लगाकर परिवार के साथ रहना पड़ रहा है।
लोगों ने आरोप भी लगाया कि जिम्मेदार लोग जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद धनराशि जारी करने की बात कह रहे हैं। लोगों ने सीडीओ से जांच की प्रक्रिया अविलंब पूरी कराकर धनराशि जारी कराने की मांग की। सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय के आश्वासन पर लोगों ने घेराव समाप्त किया। लोगों का कहना था कि गनेशपुर में वर्ष 2016-17 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 34 लोगों को चयन किया गया।
इन लाभार्थियों को पहली किस्त भी जारी कर दी गई। इसी बीच शिकायत होने पर इसकी जांच हुई और आवास के बदले धन मांगने के आरोप में डीएम अरविंद कुमार सिंह और प्रभारी बीडीओ एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चंद्र मोहन गर्ग ने क्षेत्र के पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया था। इसके बाद दूसरी किस्त रोक दी गई। सीडीओ ने बताया कि वह सिर्फ 34 ही नहीं बल्कि सभी 250 लाभार्थियों को आवास आवंटन की जांच करा रहे हैं।