रुधौली/भानपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत रुधौली और रामनगर ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रुधौली में रक्तदान शिविर आयोजित हुआ, जबकि रामनगर में लगे शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं के लिए 508 लोगों ने पंजीकरण कराया।
रुधौली के विकासखंड कार्यालय पर आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं, स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद रक्त एकत्र किया। शिविर के समापन पर रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। भाजपा मंडल अध्यक्ष सुजीत सोनी ने रक्तदान को जरूरतमंदों के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवा बताया। भाजपा नेता पुष्करादित्य सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सामाजिक सेवा और जागरूकता को बढ़ावा देना है।
वहीं, रामनगर ब्लॉक में आयोजित शिविर में तीन दिनों में विभिन्न विभागों के 508 लाभार्थियों का पंजीकरण हुआ। इनमें बिजली विभाग में 11, उद्योग विभाग में 14, चिकित्सा विभाग में 173, लीड बैंक में 30, दिव्यांग कल्याण विभाग में 26, कृषि विभाग में 103, खाद्य एवं रसद विभाग में 34, पशुपालन विभाग में 103 और बाल विकास विभाग में 12 लोगों का पंजीकरण हुआ। इस दौरान तीन गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और तीन बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया।