बस्ती। प्रधानमंत्री की पाती गांवों में वर्षा जल संचयन को लेकर पहुंची तो पूरा जिला दौड़ पड़ा। केंद्र सरकार की पहल को रंग देने में अफसर, नेता और आमजन जुट गए हैं। पीएम का संदेश सबके सिर चढ़ कर बोलने लगा है। तभी तो 20 जून की देर शाम मिले संदेश के बाद 21 जून को दिन भर गांव-गांव अधिकारियों की गाड़ियां दौड़ीं। ग्राम प्रधानों तक पीएम का संदेश पहुंचा दिया गया तो शनिवार को इस पर क्रियान्वयन भी शुरू हो गया।
जल संरक्षण जागरूकता को लेकर ग्राम हलुआपार में ग्राम सभा की बैठक हुई। इसमें आयुक्त अनिल कुमार सागर, सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय, डीडीओ नीरज श्रीवास्तव, पीडी आरपी सिंह व बीडीओ सदर ने मनरेगा मजदूरों के साथ पाकरडांड़ पुलिया के पास स्थित नाले की श्रमदान कर सफाई की। जिले की सभी 1235 ग्राम सभाओं में जल संरक्षण पर बैठक आयोजित की गईं। जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने और इसे जनांदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी ग्राम प्रधानों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पत्र पढ़कर सभी सुनाया गया। परशुरामपुर प्रतिनिधि के अनुसार जल संचयन अभियान के तहत परशुरामपुर की 107 ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान की शुरुआत शनिवार को हुई। अभियान में बीडीओ रामरेखा सरोज और एडीओ पंचायत परमात्मा प्रसाद तथा पंचायत विभाग के अन्य कर्मियों ने तालाबों व पोखरों में श्रमदान किया। इसकी शुरुआत ब्लॉक क्षेत्र की सुकरौली कुंवर ग्राम पंचायत से हुई। वहीं, इस अभियान में ग्रामीणों को बरसात के पानी के संचयन के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायतों में विशेष बैठक आयोजित की गई। प्रधान और जनता को जल संचयन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चिट्ठी को पढ़कर भी सुनाया। जल संरक्षण का आह्वान किया गया। ग्रामीणों ने भी वर्षा जल संरक्षण का संकल्प लिया। टिनिच प्रतिनिधि के अनुसार आमा ग्राम पंचायत में जल संचयन के तहत बैठक कर लोगों को जागरूक किया गया। अध्यक्षता प्रधान सुमन सिंह ने की। तत्पश्चात कालीजी स्थान पर बने तालाब की सफाई की गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रधान संगठन अमित सिंह, राम जियावन, मनोज यादव, बबलू यादव, कासीराम यादव, रामकिसुन गुप्ता, रंगीलाल आदि मौजूद रहे।
बीडीओ और प्रमुख ने चलाया फावड़ा
गौर। वर्षा जल के संचयन के लिए के केंद्र सरकार किसानों के खेतों की मेड़बंदी, नदियों और धाराओं में चेकडैम का निर्माण, तालाबों की खुदाई एवं सफाई, पौधरोपण आदि को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर कदम उठा रही है। शनिवार को गौर के प्रमुख अरविंद सिंह व बीडीओ राकेश कुमार सिंह ने केसरई में स्थित नाले की सफाई के लिए फावड़ा उठा श्रमदान किया। ब्लॉक प्रमुख अरविंद सिंह ने पौधरोपण व जल संचयन पर अपनी बात रखी। गौर ग्राम पंचायत में प्रधान सुनीता सिंह के पति सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बारिश के पानी को इकट्ठा करने के लिए तालाब की सफाई कर अपना योगदान दिया। इस मौके पर सेक्रेट्री सहजराम, प्रधान प्रतिनिधि अनिल कुमार यादव, रोजगार सेवक आशुतोष कसौधन सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
फोटो
जल संचय के लिए जांची तालाब खुदाई की व्यवस्था
भानपुर। जल संचय के लिए रामनगर ब्लॉक के तकिया चक गांव में खोदे जा रहे तालाब का शनिवार को संयुक्त विकास आयुक्त तेज प्रताप मिश्रा व डिप्टी डायरेक्टर अर्थ एवं संख्या एनएन राय ने निरीक्षण किया। 3.54 लाख की लागत से 1945 मानव दिवस के लक्ष्य वाले तालाब खुदाई कार्य देखकर अफसरों ने संतुष्टि जताई। तालाब को चार मीटर गहरा करने की बात कही। पानी आने वाले रास्ते पर साइफन लगाने और उसे नहर से जोड़ने की बात कही। तालाब के पश्चिम और दक्षिण के भीटों पर पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। अफसरों ने कहा कि जल संचय से ही वाटर लेवल को बढ़ाया जा सकता है। निरीक्षण के पश्चात मनरेगा श्रमिकों से मजदूरी और उसके भुगतान की बाबत जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों से कहा कि जल संचय का काम घरों से ही शुरू करना चाहिए। ग्रामीणों को प्रधानमंत्री की ओर से ग्राम प्रधान को भेजे गए पत्र का हवाला देते हुए खेतों की मेड़बंदी कर खेत का पानी और तालाब की खुदाई कर गांव का पानी गांव में रोकने की अपील की। इस मौके पर बीडीओ हरिश्चन्द्र ने सभी को प्रधानमंत्री का पत्र पढ़कर सुनाया। जेडीसी ने लोगों से जल संचय के साथ ही खुले में शौच न जाने की अपील की। इस दौरान ग्राम प्रधान जगराम पाण्डेय, राम संवारे, एसएनवर्मा, मंजू सिंह, सूर्यकला पाण्डेय, राम पाल पाण्डेय, शिव प्रसाद, प्रिंस, कनिक राम, गुलाबा देवी सहित कई मनरेगा श्रमिक मौजूद रहे।
जल संचयन को लेकर हुई बैठक
भानपुर। जल संचयन को लेकर शनिवार को ग्राम पंचायत अतरडीहा, चिरई बजुर्ग व रामनगर ग्राम पंचायतों में भी सेक्रेट्री की ओर से बैठक की गई। इसमें ग्रामीणों को बारिश के पानी का संचयन करने के साथ ही प्लास्टिक कचरे का प्रयोग न करने तथा पौधरोपण करने की अपील की गई। अतरडीहा में ग्राम विकास अधिकारी प्रमोद कुमार, चिरई बजुर्ग गांव में शैलजा पाल व रामनगर में ग्राम विकास अधिकारी पुष्पा श्रीवास्तव व ग्राम प्रधान केदार नाथ ने बैठक कर लोगों से अपील की।
बैठक कर जल संचयन पर चर्चा
सल्टौआ। प्रधानमंत्री के जल संचयन संदेश के बाद ग्राम पंचायत गोरखर में ग्राम प्रधान रंगीलाल राजभर की देखरेख में बस्थानवा में, गौहनिया में राजेश पांडेय, हसनापुर में बृजभूषण यादव, सेखुई में रामनयन चौधरी, जोगियाजुड़ी कुईया में जगदीश श्रीवास्तव, जिनवा में मुन्ना शुक्ल, पड़री कुंती, लपसी में विश्वनाथ चौधरी, देईपार में रामसजीवन चौधरी की देखरेख में खुली बैठक कर ग्रामीणों को जल संचयन, पौधरोपण, स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।