संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। खैर इंडस्टि्रयल काॅलेज ओल्ड बॉयज एसोसिएशन की मुहिम आगे बढ़ चुकी है। पदाधिकारियों की पहल पर शनिवार को विद्यालय के संस्थापक स्व. अलहज़ मोहम्मद अबुल खैर की जयंती खैर डे के रूप में मनाई गई। इसमें शिक्षक, अभिभावक, बच्चे एवं पुरातन छात्रों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान खैर साहब की दरिया दिली की चर्चा हुई। उन्हें याद कर लोग भावुक हो गए। एसोसिएशन की तरफ से खैर डे हर साल आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
आयोजन की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी से की गई। खैर इंडस्टि्रयल इंटर कॉलेज के बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली। यह गांधीनगर मार्ग से होते हुए जीआईसी से वापस विद्यालय पर आकर समाप्त हुई। इसके बाद विद्यालय परिसर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जय ओरी बाबा मल्टीस्पेशलिस्ट हाॅस्पिटल के सहयोग से बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान लोगों को स्वस्थ रहने के लिए परामर्श दिए गए।
इसके बाद श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में लोगों ने खैर साहब के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया। ओल्ड बॉयज एसोसिएशन के महासचिव अकबर अली ने कहा कि खैर साहब किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वह एक नेकदिल इंसान थे।
उन्होंने सीमित संसाधनों के दौर में भी बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग विद्यालयों की स्थापना की। उनके आदर्शों पर हमें निरंतर चलना चाहिए। उनकी सोच समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षा से जोड़कर उन्नति का मार्ग दिखाना है।
कॉलेज के प्रिंसिपल वहीदुद्दीन मलिक ने भी खैर साहब के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक हमीदुल्लाह खान, ओल्ड बॉयज एसोशिएशन के संयुक्त सचिव पवन शुक्ल, पंकज चौधरी, कार्यालय अधीक्षक रूपेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।ी