बस्ती। प्रदेश सरकार के कैबिनेट एवं जनपद के प्रभारी मंत्री आशीष पटेल शुक्रवार को बस्ती पहुंचे। उन्होंने आला अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में विकास, राजस्व कार्यक्रम एवं कानून व्यवस्था से संबंधित मामलों की समीक्षा की। इस दौरान प्रकरण निस्तारण के मामले में जनपद को ए श्रेणी मिलने पर अधिकारियों को शाबासी भी दी।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण कमियों पर विशेष ध्यान दें। जनहित से जुड़े मुद्दों का समाधान तत्काल निकाला जाए। रैंकिंग बेहतर होगी तभी सुधार माना जाएगा। कहा कि हम सभी जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण जनता के बीच जिस उद्देश्य के लिए आए हैं, उसे सार्थक सिद्ध करने में अपना पूरा योगदान सुनिश्चित करें।
प्रशासन के लोग अच्छी नीयत से कार्य करते हुए आम जनता को लाभ पहुंचाएं। साफगोई एवं निष्पक्ष कार्रवाई पर विशेष ध्यान रखें। अथक परिश्रम से जनपद को ए श्रेणी में स्थान मिला है।
उन्होंने कानून व्यवस्था, निर्माण कार्यों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल, बाढ़, राजस्व, राजकीय निर्माण, कृषि एवं उवर्रक, ग्राम्य विकास, मुख्यमंत्री आवास, पीएम आवास आदि योजनाओं की गहनता से समीक्षा की। कहा कि सभी विभाग लक्ष्य के सापेक्ष निर्धारित समयावधि में प्रगति का कार्य पूरा करें। कानून व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने में पुलिस प्रशासन मुस्तैद बना रहे। कहा कि पुलिस अधिकारियों की सक्रियता के चलते ही जिले की कानून व्यवस्था संतोषजनक पाई गई है।
इस मौके पर डीएम कृत्तिका ज्योत्सना, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, विधायक हर्रैया अजय सिंह, सांसद प्रतिनिधि जवाहर लाल वर्मा, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह, विधायक प्रतिनिधि गुलाब चंद सोनकर, पं. सरोज मिश्र आदि मौजूद रहे।