बस्ती। गर्मी का मौसम लोगों की आंख को प्रभावित कर रहा है। एलर्जी के कारण लोग आंखों में लालिमा और खुजली की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। इससे जिला चिकित्सालय की ओपीडी में आंखों की परेशानियों से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ी है।
सूरज की तेज किरण और बढ़ती गर्मी के कारण आंखों से संबंधित समस्याओं में बढ़ोतरी हो रही है। इस मौसम में लोगों को आंखों में एलर्जी, लालिमा, जलन और चुभन परेशान कर रही है। जिला चिकित्सालय के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके सिंह का कहना है कि गर्मी के दिनों में आंखों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए धूप से बचाने वाले चश्मों को प्रयोग में लाने और आंखों की साफ-सफाई और उन्हें आराम देने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आंखों में एलर्जी या खुजली महसूस होती है तो ठंडे पानी से बार-बार आंखों को धोना चाहिए। खुजली हो तो आंखों को रगड़ना नहीं चाहिए। चिकित्सक की सलाह पर कोई आई ड्रॉप डाल सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय ओपीडी में आंखों के रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को जिला अस्पताल में 897 मरीजों ने परामर्श लिया। मेडिसिन और बाल रोग विभाग के साथ नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में मरीजों की संख्या 100 के करीब रही।
बच्चों में सिर दर्द व उल्टी की शिकायत
गर्मी और लू के चलते बच्चों में डायरिया, उल्टी और पेट संबंधी बीमारियों के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलीम ने बताया कि गर्मी और लू का सबसे अधिक प्रभाव बच्चों पर पड़ रहा है। इसके कारण डायरिया, उल्टी और शरीर में पानी की कमी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। बच्चों के खानपान को लेकर विशेष सतर्कता बरतें और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचाएं। बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पानी और नारियल पानी पिलाना चाहिए। धूप में जाने से बच्चों को रोके। स्वच्छ एवं ताजा भोजन दें।
जिला अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त है। दवा उपलब्ध है।
डॉ. खालिद रिजवान अहमद, एसआईसी, जिला अस्पताल, बस्ती।