रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री -संवाद
- फोटो : Archive
बस्ती। तेज धूप और गर्मी के चलते जहां प्लेटफाॅर्म पर बैठना मुश्किल हो गया है, वहीं स्पेशल ट्रेनों का लेटलतीफी जारी है, जिससे यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को गोरखपुर स्पेशल ट्रेन नाै घंटे तो मुजफ्फरपुर आनंद विहार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन सात घंटे देरी से आई।
बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते जाने वाली अधिकांश स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से चल रही है, जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। गर्मी में यात्रा के दौरान सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों को हो रही है। रेलवे समय सारणी के अनुसार जो ट्रेनें विलंब से चल रही है, उनमें गोरखपुर स्पेशल ट्रेन को सुबह 7:52 बजे स्टेशन पर आने का समय था, लेकिन नाै घंटे लेट होने से यह ट्रेन शाम पांच बजे के बाद स्टेशन पर आई। इसके साथ ही मुजफ्फरपुर आनंद विहार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को दोपहर 1:45 बजे आने का समय था, लेकिन यह ट्रेन सात घंटे लेट होने से रात नाै बजे के बाद आने की संभावना है।