मेगा ब्लॉक के चलते पहले से ही दिक्कतें झेल रहे रेल यात्रियों की परेशानियों फिर बढ़ने वाली हैं। श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के चलते 16 से 22 तक पैसेंजर ट्रेन अयोध्या नहीं जाएगी। करीब छह दिनों तक अयोध्या जाने वाली पैसेंजर निरस्त रहेगी। इस दौरान अयोध्या से चलकर प्रयागराज तक जाने वाली मनवर संगम एक्सप्रेस भी निरस्त रहेगी।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का असर जिले में भी रहेगा। एक ओर हाईवे डायवर्जन तो दूसरी ओर ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ेंगी। उल्लेखनीय है कि प्राण प्रतिष्ठा में सुरक्षा कारणों से सामान्य यातायात प्रभावित रहेगी। भटनी जंक्शन से अयोध्या धाम तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन 16 जनवरी से निरस्त रहेगी। यह ट्रेन भटनी से गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, मनकापुर, कटरा होते हुए अयोध्या धाम तक आने जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी सहूलियत है।
इससे रोजाना छोटे व्यवसायी यथा दूधिया व फेरवाले, छात्र व श्रद्धालु बड़ी संख्या में यात्रा करते हैं। ट्रेन निरस्त होने से लोगों को परेशान उठानी पड़ेगी। बस्ती रेलवे स्टेशन से संचालित होने वाली मनवर संगम एक्सप्रेस सीधे प्रयागराज जाती थी। यह ट्रेन कुछ समय से अयोध्या कैंट से प्रयागराज के लिए चलाई जा रही थी। लेकिन प्राण प्रतिष्ठा उत्सव के चलते इसे भी 16 से निरस्त कर दिया गया है।
इस ट्रेन से बड़ी संख्या में छात्र व हाईकोर्ट के वादकारी प्रयागराज आते जाते हैं। ट्रेन निरस्त होने के कारण सभी को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा उत्सव के चलते दोनों ट्रेनें निरस्त रहेंगी।
ये ट्रेनें पहले से ही चल रहीं निरस्त
बाराबंकी में मेगा ब्लॉक के चलते दो दर्जन से अधिक ट्रेनें 15 जनवरी तक पहले से ही निरस्त चल रही हैं। इनमें बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस, गोमतीनगर-छपरा कचहरी एक्सप्रेस, गोरखपुर-ऐशबाग, छपरा-मथुरा, गोरखपुर- छत्रपति शिवाजी महराज टर्मिनल एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र-लखनऊ, मुजफ्फरपुर-साबरमती, ग्वालियर-बरौनी मेल, उदयपुर सिटी-कामाख्या एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनल-गोरखपुर एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक, छपरा-लखनऊ, नकहा जंगल-गोमतीनगर, छपरा-फर्रूखाबाद, हावड़ा-गोमतीनगर पूजा विशेष, गोमतीनगर-हावड़ा पूजा विशेष आदि ट्रेनों का आना जाना निरस्त है।