लॉकडाउन के कारण खराब हो रही है परवल की उपज
अमर उजाला ब्यूरो
विक्रमजोत(बस्ती)। सरयू का दियारा परवल की खेती के लिए काफी मुफीद माना जाता है। किसान नदी के रेत में परवल उगाकर अपनी जीविका चलाते हैं। इन दिनों बड़ी मात्रा में परवल तैयार है, लेकिन लॉकडाउन के कारण मंडी तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसके चलते किसान उपज औने पौने दाम में बेचने को मजबूर हैं।
विक्रमजोत से दुबौलिया के बीच करीब 16 किमी की दूरी पड़ती है। नदी का किनारा होने के कारण हजारों किसान यहां तरबूज, खरबूज, परवल व अन्य फसल उगाते हैं। बानेपुर निवासी बागवान मेवालाल चौहान, माझी पेठिया लश्करी निवासी पंचलाल, नियामतपुर निवासी आडवानी निषाद, जैतापुर के वेदप्रकाश, गयादीन, श्यामलाल, रामतीरथ निषाद ने बताया कि लॉकडाउन के कारण बड़े व्यापारी नहीं आ रहे हैं और न ही स्थानीय बाजार लग रहा है। शादी-ब्याह भी नहीं हो रहे हैं, इसलिए उपज खराब हो रही है। माझा क्षेत्र के किसानों मुख्य रूप से परवल की ही खेती करते हैैं।