दुबौलिया क्षेत्र मे हो रहा घाघरा मे कटान।
दुबौलिया क्षेत्र के पारा गांव के पास घाघरा नदी के कटान से गांव के लोग दहशत में है। शनिवार को सुबह अचानक नदी तेज कटान करना शुुरु कर दिया। नदी वीडी बांध को काटकर धारा में मिलाने लगी। इससे घबराकर गांव वालों ने इसकी सूचना एसडीएम व विभाग के जेई को दिया। लेकिन शाम तक कोई अधिकारी बंधे का निरीक्षण करने नहीं पहुंचा। केवल राजस्व कर्मी पहुंचे एवं आश्वासन देकर चले आए।
नदी में शाम तक कटान का दायरा बढ़ता जा रहा था। बंधे के पास बने कई स्पर बैठ गए है। कटान से पारा, मटिहा गांव के लोगों में दहशत है। गांव वालों को कहना है कि अगर नदी इसी प्रकार से कटान करती रही। तो बंधा कभी भी कट सकता है। देवरागंग बरार के प्रधान मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि नदी लगातार तेजी से बंधे को काट रही है। सुबह ही अधिकारियों को सूचना दिया था। मगर कोई अधिकारी निरीक्षण करने नहीं आया। कटान से बंधे पर खतरा बना हुआ है। गांव के बृजेश सिंह, विजयी, राज कुमार, रमेश चौबे ने प्रशासन के अधिकारियों से बंधे की सुरक्षा करने की मांग किया है। इस संबंध में एसडीएम हर्रैया हरिश्चंद सिंह ने बताया कि कटान की जानकारी मिली है। बाढ़ खंड के अधिशाषी अभियंता को निर्देश दिया गया है। वीडी बांध पर नजर रखी जा रही है।