- किसी वाहन की चपेट में आने से मौत की संभावना जता रहे लोग, चालक पर रिपोर्ट दर्ज
मुंडेरवा। चीनी मिल परिसर में रविवार की सुबह शव मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। बताया जा रहा कि किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। हालांकि, दोपहर बाद शव की पहचान पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के ग्राम नरहरिया निवासी अजय कुमार के रूप में हुई। वह मिल में मजदूरी के सिलसिले में आया था। मिल के सीसीटीवी फुटेज और मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक पर प्राथमिकी दर्ज की है।
चीनी मिल गेट पर तैनात गार्ड श्रीराम यादव ने चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक महेंद्र कुमार श्रीवास्तव को परिसर में शव मिलने की सूचना दी। उसके बाद प्रबंधक ने मुंडेरवा पुलिस को सूचति किया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। मृतक के शव के पास पड़े थैले में मंजन, ब्रश, बीड़ी और कपड़ें को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी ट्रक का खलासी हो सकता है। थैले में मिले कागज पर दो मोबाइल नंबर थे। एक के सामने संदीप और दूसरे मोबाइल नंबर के सामने प्रदीप लिखा था।
कुछ देर बाद प्रधान प्रबंधक ने संदीप से फोन पर बात की तो उसने बताया कि उसका बस्ती टोल प्लाजा के पास ढाबा है और वह एक बार उसके यहां आया है, लेकिन पहचान करने से इन्कार कर दिया। पुलिस अभी शव की पहचान कराने में जुटी थी कि दोपहर बाद पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के ग्राम नरहरिया निवासी सविता पत्नी सुभाष ने मुंडेरवा थाना पर तहरीर दी। बताया कि चीनी मिल परिसर में जो शव मिला है, वह उसके बेटे अजय कुमार (25) का है।
उन्हाेंने तहरीर में बताया कि बेटा मिल में मजदूरी के सिलसिले में आया था, जहां पर किसी ट्रक ने उसे ठोकर मार दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मिल में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो मामला सही मिला। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर अज्ञात चालक पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।