पुरानी बस्ती। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बस्ती एवं लखनऊ मंडल की टास्क टीम ने रविवार को सत्याग्रह एक्सप्रेस से लावारिस शराब बरामद की। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर बस्ती रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-3 पर की गई। आरपीएफ के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ के नेतृत्व तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त गोरखपुर क्षेत्र के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक लाल साहब सिंह आदि ने गाड़ी संख्या 12522 के बस्ती स्टेशन पहुंचने पर उसके जनरल कोच डी-4 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कोच के दोनों शौचालयों के बीच स्थित गैलरी में बोरी संदिग्ध अवस्था में मिली। जांच करने पर बोरी से 27 पाउच 8 पीएम स्पेशल तथा 19 पाउच ऑफिसर्स चॉइस मंत्र अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 8.280 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 5,980 रुपये है।