प्रधान और पंचायत सहायक के मध्य अनुबंध भी कार्य में बाधा
संवाद न्यूज एजेंसी
भानपुर। मानदेय वृद्धि के लिए बृहस्पतिवार को पंचायत सहायकों ने अध्यक्ष ओम प्रकाश चौधरी के नेतृत्व में रामनगर ब्लॉक सभागार में बैठक की। इस दौरान सीएम को संबोधित पत्र लिखा। इसमें मानदेय वृद्धि सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान कराने की मांग की गई।
पत्र के हवाले से लिखा है कि ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सहायक की नियुक्ति की गई थी। पंचायत सहायक दायित्वों का निर्वहन करते हुए ग्राम पंचायत सचिवालय का संचालन कर जन-जन तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रहे हैं। वर्तमान में पंचायत सहायक अपने अधिकारों से वंचित हैं। अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इससे सचिवालय के संचालन में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। ग्राम प्रधान और पंचायत सहायक के मध्य अनुबंध भी कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे है।
पंचायत सहायक को मात्र 6000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो एक परिवार के भरण-पोषण के लिए अपर्याप्त है। एक मनरेगा मजदूर भी 237 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी प्राप्त करता है। जबकि पंचायत सहायक कुशल कर्मी होने के बावजूद अल्प मानदेय पर कार्य कर रहे हैं। पूर्णकालिक नौकरी होने के कारण उनकी पढ़ाई भी बाधित है। इससे उनका भविष्य इसी नौकरी पर निर्भर हो गया है। पंचायत सहायक का मानदेय बढ़ाकर अतिकुशल श्रेणी 26910 रुपये प्रति महीना किया जाए।
इस मौके पर सौम्या श्रीवास्तव, सुमनशर्मा, अजय कुमार वर्मा, संदीप चौधरी, सुनील गुप्ता, आशीष कुमार सहित सभी पंचायत सहायक मौजूद रहे।