बस्ती। पंचायतीराज विभाग 60 ग्राम पंचायतों में रिक्त पंचायत सहायकों के पद भरेगा। पंचायत सहायकों की तैनाती होने पर आय, जाति, निवास के साथ ही अन्य कार्य हो सकेंगे। ग्रामीण इसका लाभ उठा सकेंगे। अभी भुगतान और मनरेगा कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
डीएम कृत्तिका ज्योत्सना ने निर्देश दिया है कि रिक्त पदों की नियुक्ति ग्राम पंचायत स्तर पर की जाए। नियुक्ति पंचायतीराज विभाग के अधीन ग्राम पंचायतों में कार्यरत पंचायत सहायक के 60 पद खाली चल रहे हैं। इस कारण ग्राम पंचायत स्तर भुगतान से लेकर सीएससी व मनरेगा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। डीएम ने इन पदों पर नियुक्त के लिए निर्देश दिया है।
डीएम ने कहा कि ऐसी ग्राम पंचायतें जहां सहायक, अकाउंटेंट कम डाटा इंट्री आपरेटर का पद रिक्त है, उनमें इनका चयन ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाए। डीपीआरओ के माध्यम से डीएम की अनुमति प्राप्त करते हुए नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करें। यह नियुक्ति जुलाई 2021 में जारी शासनादेश के अनुसार होगी। डीपीआरओ घनश्याम सागर ने बताया कि विकास खंड रुधौली में तीन, बनकटी में छह, गौर में तीन, बस्ती सदर में सात, सांऊघाट में 10, सल्टौआ में एक, हर्रैया में दो, दुबौलिया में पांच, परसरामपुर में पांच, कप्तानगंज में एक, कुदरहा में चार, विक्रमजोत में 10 और बहादुरपुर में तीन पंचायत सहायक के पद खाली हैं। डीपीआरओ के अनुसार, नियुक्ति की प्रक्रिया 13 मई तक पूरी कर ली जाएगी। आरक्षण व्यवस्था भी लागू है। प्रधान पद के आरक्षित श्रेणी को भी इसमें देखा जा रहा है।