पल्लेदार की सड़क हादसे में मौत
सिकंदरपुर (बस्ती)। परसा-परशुरामपुर मार्ग पर अहिरौली गांव के पास शनिवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे एक पल्लेदार की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह काम से घर लौट रहे थे। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुट गई है।
परशुरामपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव का रामप्रकाश (38) पुत्र लहुरे मखौड़ा धाम में एक आढ़त से पल्लेदारी का कार्य कर शाम को घर जा रहे थे। परसा-परशुरामपुर मार्ग स्थित अहिरौली में उनकी बाइक को अज्ञात वाहन से पीछे से टक्कर मार दी। अनियंत्रित होकर वह वाहन के नीचे आ गए। जिससे उनका सिर बुरी तरह से कुचल गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते दुर्घटना करने वाला चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटनास्थल से ही एक किलोमीटर दूर रामप्रकाश का गांव है। थोड़ी ही देर में परिजन भी मौके पर आ गए। प्रभारी निरीक्षक परशुरामपुर आलोक सोनी ने बताया कि वाहन चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
बेटे का शव देख कर पिता बेसुध
दो बेटों के पिता लहुरे का बड़ा बेटा बिफई तथा छोटा रामप्रकाश मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनकर जब वह घटनास्थल पहुंचे तो सड़क पर बेटे का क्षत-विक्षत शव देख बेसुध हो गए। उनकी पत्नी सावित्री को तो जैसे काठ मार गया। बड़ा बेटा रामकिशुन मां तथा अपने दो छोटे भाइयों को सहेजने में लगा था। उसे कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि वह परिवार को कैसे संभाले।