बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पैड़ा गांव निवासी गोविंद दास उर्फ पैड़ा वाले बाबा ने रविवार सुबह फेसबुक लाइव के दौरान जहरीला पदार्थ पी लिया। गंभीर हालत में उन्हें पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज बस्ती रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। उपचार के बाद भी उन्हें आंखों से धुंधला दिखाई देने की बात सामने आई है।
फेसबुक लाइव के दौरान गोविंद दास ने बस्ती में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर की कथा कराने में असफल रहने की बात कही। वह बार-बार खुद को हारा हुआ बताते रहे। इसी दौरान उन्होंने एक शीशी में रखा तरल पदार्थ पी लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद समर्थकों और सहयोगियों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि सुबह उनके भतीजे को घटना की जानकारी हुई। हालांकि, जहरीला पदार्थ पीने के पीछे की परिस्थितियों और कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जाता है कि पैड़ा वाले बाबा बस्ती में बागेश्वर धाम की कथा कराने के प्रयास में जुटे थे। इसके लिए उन्होंने पैदल यात्रा भी की थी। दुर्गा पूजा मेले के दौरान सड़क पर बैठकर कथा के आयोजन के लिए लोगों से सहयोग की अपील भी की थी। कथा नहीं करा पाने को लेकर उन्होंने फेसबुक लाइव में अपनी निराशा जाहिर की।
लाइव के दौरान उन्होंने कुछ लोगों का नाम लेकर उनसे अपने माता-पिता का ख्याल रखने की गुजारिश भी की। उन्होंने लोगों से माफी मांगते हुए अपने कदम के पीछे की परिस्थितियों का जिक्र किया। हालांकि, घटना से पहले क्या हुआ और इसके पीछे अन्य कोई वजह थी या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। फिलहाल बाबा अस्पताल में हैं और चिकित्सक उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं।
घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। संवाद न्यूज एजेंसी ने वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती है। ऐसे में वीडियो में किए गए दावों और घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।