मुंडेरवा। क्षेत्र में धान की रोपाई के लिए मौसम अनुकूल है, लेकिन किसान खाद के लिए साधन समितियों, गन्ना समितियों का चक्कर लगा रहे हैं। मुंडेरवा के गन्ना समिति और सहकारी समिति पर ताला लटक रहा है। किसान मजबूरी में बाजार से खाद खरीद रहे हैं।
किसान विजय प्रकाश, गोरख, हृदय राम, शिव कुमार, पिंटू चौधरी आदि ने बताया कि गन्ना समिति और सहकारी समिति से रबी के सीजन में खाद मिली थी। तब से ताला बंद है। इन लोगों ने बताया कि बाजार से और दूसरे समितियों से खाद खरीदनी पड़ रही है। उसके साथ नैनो यूरिया भी लेनी पड़ रही है। साधन सहकारी समिति मनिकौरा कला का भी यही हाल है। किसान विजय, दिलीप, मनोज आदि ने बताया कि रबी के सीजन के बाद से साधन सहकारी समिति मनिकौरा का ताला नहीं खुला है।
मुंडेरवा गन्ना समिति के सचिव डाॅ. रामफल सिंह ने बताया कि दो सप्ताह पहले 15 एमटी खाद की डिमांड भेजी गई है। उन्होंने बताया कि जिला कृषि अधिकारी ने कहा है कि जल्द ही रैक आने पर खाद भेजी जाएगी।