नगर बाजार थानाक्षेत्र के फुटहिया फ्लाईओवर के पर मोड़ हादसे मेंं जेसीबी से ट्रक हटवाती पुलिस। स
संवाद न्यूज एजेंसी बस्ती/नगर बाजार। फुटहिया चौराहे पर गन्ना लदे ट्रक के पलटने की घटना से लोगों में प्रशासन के प्रति भारी गुस्सा देखा गया। लोग कहते सुने गए कि सड़क पर यमदूत की तरह भारी भरकम ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली मौत का परवाना लेकर घूम रहे हैं। क्षमता से कई गुना गन्ना लादकर चलने वाले ऐसे वाहनों के आसपास के गुजरने वालों की सांसें अटकी रहती हैं, मगर प्रशासन को किसी की जान की परवाह ही नहीं है।
बुधवार को नगर थाना क्षेत्र के फुटहिया ओवरब्रिज के पास गन्ना लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ई-रिक्शा दब गया और दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। उधर से गुजर रहे अधिवक्ता शशिकांत उपाध्याय ने हैरानी व्यक्त करते हुए बताया कि सड़क पर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले इन वाहनों पर कोई रोक-टोक करने वाला नहीं दिखता।
न तो हेलमेट,सीट बेल्ट बांधने की नसीहत देते घूमने वाली ट्रैफिक पुलिस की नजर इन पर पड़ रही है,और ना ही रात भर टोल प्लाजा के पास खड़े होकर ट्रकों की चेकिंग करने वाली आरटीओ की टीम ही इन्हें टोकने की जहमत उठा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इन ओवरलोड ट्रकों की स्थिति इतनी खराब है कि सड़क पर आधा से ज्यादा हिस्सा वाहन के बाहर निकल आता है। जिले भर में लगभग 32 हजार ट्रैक्टर-ट्रॉली कृषि कार्य के लिए पंजीकृत हैं। इनका खेत से लेकर बाजार तक व्यवसायिक उपयोग किया जा रहा है। गन्ना ही नहीं, ईंट-भट्ठों से लेकर मिट्टी व गिट्टी ढोने में भी ट्रॉलियां लगी हैं।