बस्ती। अनुशासनहीनता और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के तीन अलग-अलग मामलों में दो चौकी इंचार्ज और दो सिपाहियों पर कार्रवाई की गई है। गौर थाने की टिनिच चौकी इंचार्ज विजय यादव को निलंबित और नगर थाने के करहली चौकी के प्रभारी अवनीश कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया। वहीं नगर बाजार के सब्जी विक्रेता की थाने में खींचकर पिटाई के मामले में दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। सीओ की प्रतिकूल जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी अभिनंदन ने कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच का भी आदेश दिया है।
सब्जी व्यापारी मोहित सोनकर ने बताया कि वह बुधवार रात शहर से सब्जी का हिसाब लेकर लौट रहा था। थाने से महज 10 मीटर की दूरी पर पहुंचा ताे सिपाही अरविंद पटेल ने उसे रोक लिया। आरोप है कि मोबाइल फोन पर अपशब्द कहने की बात को लेकर थाना के अंदर ले जाकर पीटना शुरू कर दिया।
पिटाई के दौरान मोहित की हालत काफी बिगड़ गई। जिसके बाद सिपाही खुद उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। लेकिन भर्ती कराने के बाद चुपचाप मौके से फरार हो गया। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद एसपी ने सीओ कलवारी प्रदीप कुमार तिवारी को जांच सौंपी। उधर, करहली चौकी इंचार्ज पर भी एक व्यक्ति की पिटाई का आरोप लगा था। जिसे चौकी से ही इंचार्ज ने रफादफा कर दिया था। मगर एसपी तक बात पहुंचने के बाद जांच कराई गई तो चौकी इंचार्ज की अनुशासनहीनता सामने आई। इसी तरह टिनिच चौकी इंचार्ज पर विवेचना में लापरवाही की सीओ हर्रैया की रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई है।
-