साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार। स्रोत- पुलिस
बस्ती। पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह के फरार चल रहे शातिर गुर्गे को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान अमन मिश्र (21) निवासी बिहटा हलबल बंजरिया खास, थाना मनकापुर, जनपद गोंडा के रूप में हुई है। बस्ती पुलिस को सालभर से आरोपी की तलाश थी।
सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि अमन साइबर ठगी करने के मामले में काफी शातिर है। गोंडा जिले के ही रहने वाले उसके तीन अन्य साथी जुलाई 2025 में ही पकड़े जा चुके हैं। जिसमें विशाल वर्मा (20) निवासी ग्राम-सपहा, थाना धानेपुर, जनपद गोंडा, श्रीकांत वर्मा (21) निवासी पटेल नगर मनकापुर, जनपद गोंडा और सोनू (30) कुमार ग्राममदनपुरा, थाना खोड़ारे, जनपद गोंडा को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। तीनों ने पूछताछ में अमन का नाम उगला था। तभी से उसकी तलाश थी।
सीओ सिटी ने बताया कि 05 जुलाई 2025 को शहर के बालकराम महादेव प्रसाद सराफ फर्म के मालिक प्रज्ज्वल गुप्ता निवासी पिकौरा बक्स (शिव प्रिया निवास) थाना, कोतवाली बस्ती की तरफ से बताया गया कि दो अज्ञात व्यक्ति ऑनलाइन ट्रांजक्शन कर दो लाख रुपये मूल्य के दो सोने के सिक्के 10-10 ग्राम के खरीदे थे। ऑनलाइन भुगतान लेने के बाद उनका खाता फ्रिज हो गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है। पुलिस से बचने के लिए वह आधार कार्ड में मूल पते को बदल कर फर्जी पता अंकित करा देते हैं। इसके बाद विभिन्न बैंकों में उसी आधार कार्ड पर खाते खुलवाते हैं तथा भिन्न-भिन्न शहरों से गूगल और ओपन सोर्स के माध्यम से नामी कंपनियों के डायरेक्टर/सीईओ का प्रतिरूपण कर उनके नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर बैंकों के ब्रांच मैनेजर को मैसेज करके अपने खाते रुपये ट्रांसफर करा लेते थे। बाद में जरिये चेक/एटीएम/यूपीआई से ठगी के रुपये को निकाल लेते थे।