बस्ती। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की लेवल-1 (ग्रुप-डी) कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने जयनगर-लखनऊ अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन का संचालन शुरू किया है। यह ट्रेन गोरखपुर और बस्ती होते हुए लखनऊ तक जाएगी। इसका संचालन मंगलवार से शुरू हो गया।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, ट्रेन संख्या 03203 जयनगर-लखनऊ अनारक्षित परीक्षा विशेष एक्सप्रेस चार अगस्त को जयनगर स्टेशन से दोपहर तीन बजे रवाना हुई। यह ट्रेन दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी, नरकटियागंज, कप्तानगंज, गोरखपुर और खलीलाबाद होते हुए अगले दिन सुबह पांच बजे बस्ती रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद गोंडा और बाराबंकी के रास्ते सुबह 10:15 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 03204 पांच अगस्त को लखनऊ जंक्शन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बादशाहनगर, बाराबंकी और गोंडा होते हुए शाम पांच बजे बस्ती रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद खलीलाबाद, गोरखपुर और अन्य स्टेशनों से होकर जयनगर जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि परीक्षा विशेष ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी एवं शयनयान श्रेणी के 12 कोच और एसएलआरडी के दो कोच सहित कुल 14 अनारक्षित कोच लगाए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को यात्रा की सुविधा मिल सके।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि रेलवे बोर्ड की ग्रुप-डी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। इसके संचालन से पूर्वांचल के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी।