मुंडेरवा/बनकटी (बस्ती)। तीन बेटियों के बाद जन्मे परिवार के इकलौते बेटे अंश की खेत में हुए हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बृहस्पतिवार को दतुआखोर (बेदूखोर) गांव में बच्चों के साथ खेल रहा 12 वर्षीय अंश ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी शेषनाथ बृहस्पतिवार सुबह करीब 11:30 बजे ट्रैक्टर में रोटावेटर लगाकर खेत की जुताई कर रहे थे। इसी दौरान धर्मेंद्र उर्फ मानक चौहान का बेटा अंश वहां अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते समय वह अचानक ट्रैक्टर के पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया। जब तक चालक कुछ समझ पाता, तब तक गंभीर रूप से घायल अंश की मौके पर ही मौत हो गई।
अंश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। तीन बेटियों के बीच इकलौते बेटे को खोने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक, अंश काफी दिनों से बीमार चल रहा था। तबीयत में सुधार होने के बाद वह फिर से बच्चों के साथ खेलने लगा था। इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है। सूचना पर पहुंची मुंडेरवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-रोटावेटर को कब्जे में ले लिया है। सीओ रुधौली अनिल सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बालक के बच्चों के साथ खेलने के दौरान ट्रैक्टर और रोटावेटर की चपेट में आने की बात सामने आई है। पिता की तहरीर पर चालक शेषनाथ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।