संवाद न्यूज एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती)। रानीपुर की 32 वर्षीय मधु मालती हत्याकांड की गुत्थी अभी उलझी हुई है। उसके मायके वाले इस बात को लेकर हैरान हैं कि सास-ससुर से अलग हंसी-खुशी से रह रही मधु मालती के साथ ऐसा किस वजह से हो गया। पुलिस पति-पत्नी के मोबाइल फोन के जरिये केस की तह तक जाने की कोशिश में जुटी है।
गांव में कई तरह की चर्चाएं हैं, मगर हत्या की वजह को लेकर हर कोई असमंजस में है।
बताया जा रहा है कि जिस समय सरसों के खेत में महिला का शव मिला था, उस समय उसी की साड़ी से उसका पैर बंधा हुआ था। साड़ी का दूसरा सिरा गले में लिपटा हुआ था। माना जा रहा है कि साड़ी से ही उसका गला कसकर हत्या की गई थी। बता दें कि रानीपुर निवासी मुकेश शर्मा की पत्नी मधु मालती शनिवार की देर शाम घर में खाना बना रही थी। सब्जी बना चुकी थी और चावल बनाना बाकी था। परिवार के लोगों ने बताया कि रात करीब आठ बजे वह खेत की तरफ जाने की बात कहकर घर से निकली।
काफी देर होने पर वह नहीं लौटी तो परिवार के लोग उसे खोजने लगे। पूरी रात उसका जब पता नहीं चला तो मायके के लोगों को इसकी सूचना दी गई। रविवार की सुबह करीब 10 बजे खोजते हुए परिवार के लोग खेत की तरफ गए तो उसकी शाल मिली।
इससे अनुमान लगा कि वह भी यहीं कहीं होगी। वहां से कुछ ही दूरी पर मधु मालती का शव पड़ा था। शरीर के ऊपरी हिस्से के कपड़े अस्त-व्यस्त थे। पोस्टमार्टम में रस्सी जैसी किसी चीज से गला कसकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद मधु मालती के पिता राम लाल ने तहरीर देकर अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कराया।
पत्नी को खोजने में व्यस्त थे, इसलिए नहीं कर पाए पुलिस को खबर ः पुलिस को बिना सूचना दिए 14 घंटे से ज्यादा समय तक तलाश करते रहने की वजह के बारे में मधु मालती के पति मुकेश ने बताया कि हम लोग काफी रात तक उसकी तलाश करने में व्यस्त थे, इसलिए पुलिस को सूचना नहीं दे पाए। उन लोगों को लगता था कि हो सकता है कि वह मायके चली गई हो। मुकेश ने बताया कि उनके परिजनों की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है।
घर में भी सबकुछ ठीक चल रहा था। तहरीर देने के सवाल पर उसने बताया कि वह शव के साथ पोस्टमार्टम हाउस पर चला गया था, इसलिए तहरीर नहीं दे पाया। मौके पर ससुर राम लाल मौजूद थे तो उन्होंने तहरीर दे दी।