गांव के बाग में संदिग्ध हाल में मिला युवक का शव
वाल्टरगंज/बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पड़री गांव के बाग में रविवार सुबह युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की शिनाख्त गांव के ही शिवमूर्ति के रूप में हुई है, लेकिन मौत की वजह का पता नहीं चल पाया है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पड़री निवासी सत्यनारायण शुक्ला के दो बेटों में शिवमूर्ति शुक्ला (25) छोटे थे। वह स्नातक की पढ़ाई पूरी कर वर्तमान में घर पर ही रहकर खेती-बाड़ी में हाथ बंटाते थे। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि शनिवार रात खाना खाने के बाद वह सोने चले गए। भोर करीब चार बजे उसकी मां कुशलावती की नींद खुली तो देखा कि शिवमूर्ति अपने बिस्तर पर नहीं हैं। कुछ देर बाद ही गांव के सीवान स्थित बाग में शव पर किसी की नजर पड़ी।
वहीं, बताया गया कि शिवमूर्ति ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर थानाध्यक्ष व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस पहुंची तो शव बाग में जमीन पर पड़ा मिला। शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं थे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में परिजन भी घटना की वजह नहीं बता सके हैं। घरवालों की लिखित सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पूरी तरह साफ हो सकेगा। इधर शिवमूर्ति की मौत की सूचना से घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।