नगर बाजार। शुक्रवार की दोपहर में आई तेज आंधी में पेड़ गिरने सेे 70 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। शनिवार को सूचना पाकर मौके पर पहुंची नगर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के ग्राम कठारजंगल निवासी कैलाशा देवी पत्नी रामनयन गौड़ शुक्रवार की दोपहर में सब्जी खरीदने रामपुर चौराहे पर गई थीं। इसी बीच अचानक आई तेज आंधी के बीच सब्जी लेकर पैदल ही अपने घर जा रही थीं। तभी रास्ते में सडक के बगल खड़ा पुराना चिलबिल का पेड उनके ऊपर गिर गया। जिसमे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों के सूचना पर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद